स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने प्राथमिक स्वास्थ्य टीमों के लिए एकीकृत प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों को सुदृढ़ करना है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक समग्र और जनकेंद्रित स्वास्थ्य देखभाल सुविधा उपलब्ध हो सके।
हाल के वर्षों में व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल पर मुख्य रूप से जोर दिया गया है। यह समानता और सभी लोगों तक स्वास्थ्य देखभाल सुविधा सुलभ कराने की देश की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मंत्रालय ने कहा है कि पूरी तरह से प्रशिक्षित और आत्मविश्वास से भरे प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल कर्मी चिकित्सा व्यवस्था की गुणवत्ता में सुधार लाने, उच्च स्तरीय अस्पताल इकाइयों पर बोझ कम करने और स्वास्थ्य प्रणाली में लोगों का विश्वास मजबूत करने के लिए आवश्यक हैं।