हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में सभी फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद की घोषणा की है। कुरुक्षेत्र में भाजपा की ‘विजय शंखनाद’ रैली को संबोधित करते हुए श्री सैनी ने कहा कि राज्य सरकार वर्तमान में एमएसपी पर 14 फसलों की खरीद कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 133 करोड़ रुपये के बकाया नहर जल सिंचाई शुल्क, जिसे ‘अबियाना’ के नाम से जाना जाता है, को माफ करने का भी निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने ‘अबियाना’ प्रणाली को भी बंद करने का निर्णय लिया है, जिससे किसानों को प्रति वर्ष 54 करोड़ रुपये का लाभ होगा। श्री सैनी ने 2023 से पहले रोहतक, नूंह, फतेहाबाद और सिरसा में प्राकृतिक आपदा के कारण फसल क्षति का नुकसान उठाने वाले किसानों को एक सप्ताह के भीतर 137 करोड़ रुपये के लंबित मुआवजे का भुगतान करने की भी घोषणा की। यह राशि किसानों के खातों में स्थानांतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब किसानों को नए ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए देश में कहीं से भी थ्री-स्टार मोटर खरीदने की अनुमति होगी। वर्तमान में राज्य में थ्री-स्टार मोटर्स की केवल 10 कंपनियां पंजीकृत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी क्षेत्र में 40 हजार पद भरे जायेंगे।