हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे दिन आज राज्य के उद्योग और वाणिज्य मंत्री मूलचंद शर्मा ने बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। श्री शर्मा इस विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और एक बार फिर भाजपा उम्मीदवार के रूप में यहां से चुनाव लड़ रहे हैं।
चरखी दादरी जिले के दादरी विधानसभा क्षेत्र और कैथल जिले के पुंडरी विधानसभा क्षेत्र से भी आज एक-एक नामांकन दाखिल किया गया। चरखी दादरी निवासी हेमंत ने दादरी से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया, जबकि सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) पार्टी के उम्मीदवार बाबू राम ने पुंडरी विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।