देश के विभिन्न हिस्सों में आज हनुमान जन्मोत्सव पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी दिल्ली में श्रद्धालु सुबह से ही हनुमान मंदिरों में दर्शन के लिए जा रहे हैं।
नई दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्राचीन हनुमान मंदिर में बडी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर मंदिरों में हनुमान चालीसा, सुंदर कांड और अखंड रामायण का पाठ किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में भी हनुमान मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए हैं। अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर में भी इस अवसर पर लोगों की लंबी कतारें हैं। कई स्थानों पर भंडार भोज का भी आयोजन किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और गृह मंत्री अमित शाह ने हनुमान जयंती के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भगवान हनुमान भक्ति, शक्ति और अटूट समर्पण के अद्वितीय प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इस शुभ अवसर ने सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह भर दिया है। श्री मोदी ने कामना की कि पवनपुत्र हनुमान सभी को शक्ति, बुद्धि और ज्ञान प्रदान करें।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भगवान हनुमान शक्ति, भक्ति, निष्ठा और समर्पण के अद्वितीय प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान ने अपने शौर्य और बुद्धि से धर्म की रक्षा की और साहस और कर्तव्य का मार्ग दिखाया। श्री बिरला ने कहा कि भगवान हनुमान हमें सिखाते हैं कि शुभ और अटूट संकल्प से सबसे बड़ी बाधाओं को भी पार किया जा सकता है।
गृह मंत्री अमित शाह ने भगवान हनुमान को भगवान श्री राम का अद्वितीय भक्त और वीरता, भक्ति और सेवा का प्रतीक बताया। उन्होंने बजरंगबली से सभी नागरिकों के कष्टों को दूर करने और उन्हें सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करने की प्रार्थना भी की।