भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों की भव्य अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी आज नई दिल्ली में आम जनता के लिए खोल दी गई है। छह महीने तक चलने वाली इस प्रदर्शनी के दौरान, लोगों को अवशेषों की झलकियाँ और उनके बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रकाश और कमल: प्रबुद्ध व्यक्ति के अवशेष विषय वाली यह प्रदर्शनी भगवान बुद्ध की शिक्षाओं के साथ देश के गहरे सभ्यतागत संबंध को उजागर करती है। प्रदर्शनी का उद्घाटन शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। प्रदर्शनी सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक खुली रहेगी।
आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में राष्ट्रीय संग्रहालय के महानिदेशक गुरमीत सिंह चावला ने कहा कि यह प्रदर्शनी शांति और एकीकृत राष्ट्रीय विकास के लिए मार्गदर्शक के रूप में बौद्ध दर्शन की प्रासंगिकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह पहल देश की सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने और संरक्षित करने के लिए सरकार के निरंतर प्रयासों का एक हिस्सा है।