अप्रैल 9, 2026 4:53 अपराह्न | MoPNG | Sujata Sharma

printer

देश में घरेलू एलपीजी की शत प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है सरकार :पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय

पश्चिम एशिया संकट पर आज नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग के दौरान औषधि विभाग के संयुक्त सचिव सत्यप्रकाश टी.एल. ने कहा कि देश में आवश्यक औषधि सामग्रियों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग समन्‍वय के साथ काम कर रहे हैं। श्री सत्यप्रकाश ने कहा कि इस संकट के कारण औषधीय सामग्रियों की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाएं बाधित हुई हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद दवाओं की कीमतों में कोई बड़ी वृद्धि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने फार्मा उद्योग को सहायता और आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए 40 पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर सीमा शुल्क घटाकर शून्य कर दिया है।
पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अपर सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि पोत ‘ग्रीन आशा’ एलपीजी लेकर आज नवी मुंबई के जेएनपीए बंदरगाह पहुंच गया। इस पोत ने पांच अप्रैल को होर्मुज जलडमरूमध्य को पार किया था। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटे में भारतीय ध्वज वाले जहाजों या भारतीय नाविकों से जुड़ी किसी घटना की सूचना नहीं है। अपर सचिव ने बताया कि महानिदेशक जहाजरानी ने अब तक 1800 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की है, जिनमें से 49 नाविक पिछले 24 घंटे में खाड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से वापस लाए गए हैं। देशभर में बंदरगाह संचालन सामान्य है और कहीं भी भीड़भाड़ की सूचना नहीं है। पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय भारतीय नाविकों के कल्याण और निर्बाध समुद्री संचालन सुनिश्चित करने के लिए विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावासों और समुद्री हितधारकों के साथ समन्वय कर रहा है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार देश में घरेलू एलपीजी की शत प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि वितरण केन्‍द्रों पर एलपीजी की कमी की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि कल 51 लाख से अधिक घरों में एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि ओटीपी आधारित एलपीजी डिलीवरी 92 प्रतिशत तक और ऑनलाइन बुकिंग 98 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि खाद्य, पॉलिमर, कृषि और अन्य क्षेत्रों के लिए गैर-घरेलू थोक एलपीजी की आपूर्ति बहाल कर दी गई है। संयुक्त सचिव ने बताया कि पिछले महीने की 23 तारीख से अब तक दस लाख से अधिक वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पीएनजी कनेक्शनों का विस्तार भी किया है और चार लाख से अधिक नए ग्राहक पंजीकृत किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश में कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है और रिफाइनरियां अपनी अधिकतम क्षमता से काम कर रही हैं।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला