महाराष्ट्र राज्य के 66वें स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने आज मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में आयोजित आधिकारिक समारोह में तिरंगा फहराया। राज्यपाल ने परेड का भी निरीक्षण किया और मार्च कर रहे दलों से सलामी स्वीकार की।
राज्यपाल राधाकृष्णन ने कहा कि महाराष्ट्र सभी क्षेत्रों में नेतृत्व कर रहा है। महाराष्ट्र युति सरकार की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित कर एक समावेशी, प्रगतिशील और विकसित महाराष्ट्र का निर्माण करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र विधान परिषद के अध्यक्ष प्रो. राम शिंदे, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नारवेकर, राज्य के मंत्री, मुंबई में विभिन्न देशों के कौंसुल, सशस्त्र बलों, सिविल, पुलिस और फायर सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारी और नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने आधिकारिक मुख्यमंत्री निवास ‘वर्षा’ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने मुंबई के हुतात्मा चौक पर संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने महाराष्ट्र के एकीकरण के संघर्ष में अपने प्राण न्यौछावर किए। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार राज्य के विकास के लिए समर्पित है और सुनिश्चित करेगी कि प्रगति हर व्यक्ति तक पहुंचे।