कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बताया कि सरकार अप्रैल-मई 2026 के दौरान क्षेत्रीय कृषि सम्मेलनों की एक व्यापक राष्ट्रव्यापी श्रृंखला का आयोजन करेगी। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय ने कहा कि ये सम्मेलन कृषि क्षेत्र में संवाद, समीक्षा और भविष्य की योजना के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करेंगे।
मंत्रालय ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केंद्रीय और राज्य कृषि मंत्रियों, वैज्ञानिकों, प्रगतिशील किसानों, किसान संगठनों, किसान उत्पादक संगठनों, कृषि स्टार्टअप और निजी क्षेत्र के हितधारकों को एक साथ लाना है। ताकि, प्रमुख योजनाओं की प्रगति की संयुक्त रूप से समीक्षा की जा सके और जमीनी स्तर की जानकारियों के आधार पर दूरदर्शी रणनीतियां तैयार की जा सके। श्री चौहान ने कहा कि पश्चिमी क्षेत्र के लिए पहला क्षेत्रीय सम्मेलन 7 अप्रैल को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तरी क्षेत्र का सम्मेलन 17 अप्रैल को लखनऊ में आयोजित किया जाएगा, जिसमें दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, पंजाब तथा उत्तराखंड शामिल होंगे। इसके अलावा, पूर्वी क्षेत्र सम्मेलन 24 अप्रैल को भुवनेश्वर में आयोजित होने वाला है, जिसमें बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के प्रतिनिधि भाग लेंगे।