दिसम्बर 3, 2024 6:51 अपराह्न

printer

सरकार महिलाओं के विकास के प्रति वचनबद्धः अन्‍नपूर्णा देवी

महिला और बाल विकास मंत्री अन्‍नपूर्णा देवी ने आज कहा कि सरकार महिलाओं के विकास के प्रति वचनबद्ध है और महिलाओं के नेतृत्‍व में विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। नई दिल्‍ली में संववाददाता सम्‍मेलन में उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण हर क्षेत्र में महिलाओं को नेतृत्‍व का अवसर प्रदान करते हुए महिला केन्द्रित विकास हासिल करना है।

 

उन्‍होंने कहा कि महिला और बाल विकास मंत्रालय ने हाल ही में बालिकाओं के कौशल को बढ़ाने के लिए कौशल विकास मंत्रालय के साथ समझौते पर हस्‍ताक्षर किये हैं। श्रीमती अन्‍नपूर्णा देवी ने कहा कि नमो ड्रोन दीदी और लखपति दीदी जैसी पहल ग्रामीण महिलाओं को अपने परिवार और समुदाय में सम्‍मान देने के साथ उन्‍हें आत्‍मनिर्भर बना रही हैं।

 

    तीन नये अपराध कानूनों के बारे में श्रीमती अन्‍नपूर्णा देवी ने कहा कि इन कानूनों के जरिये सरकार का मुख्‍य उद्देश्‍य महिलाओं और बच्‍चों के विरूद्ध आपराधिक मामलों में अपराधियों को सिर्फ सजा देने के बजाय पीड़ितों को न्‍याय प्रदान करना है।

 

    इस सम्‍मेलन में महिला और बालविकास राज्‍य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। उन्‍होंने कहा कि लोकसभा में 74 और राज्‍यसभा में 17 महिला सांसद निर्वाचित हुई हैं।