पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच सरकार ने आज आश्वासन दिया कि देश में सभी प्रकार की फसलों के बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। पश्चिम एशिया के हाल के घटनाक्रमों पर नई दिल्ली में आयोजित अंतरमंत्रालयी बैठक में कृषि और किसान कल्याण विभाग की अपर सचिव डॉ. मनिंदर कौर द्विवेदी ने बताया कि देश भर में खरीफ फसलों के 185 लाख क्विंटल से अधिक बीज उपलब्ध हैं। अपर सचिव ने कहा कि देश में कृषि रसायनों की भी पर्याप्त उपलब्धता है। डॉ. कौर ने कहा कि राज्यों को जैव कीटनाशकों और अन्य टिकाऊ तरीकों को बढ़ावा देने के लिए भी कहा गया है। उन्होंने कहा कि टमाटर, प्याज और आलू सहित प्रमुख फसलों की कीमतें स्थिर हैं और थोक स्तर पर इनमें सुधार दिख रहा है।
नागर विमानन मंत्रालय के संयुक्त सचिव, असंगबा चुबा आओ ने बताया कि विमानन उद्योग ने निर्धारित घरेलू मार्गों पर एयरलाइनों के लिए विमानन टरबाइन ईंधन की कीमतों में 25 प्रतिशत की सीमित वृद्धि लागू करने के सरकार के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि कदम से वैश्विक ऊर्जा बाजारों में अभूतपूर्व उछाल के बीच महत्वपूर्ण राहत मिली है। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय एयरलाइनों की घरेलू परिचालन लागत नियंत्रण में रहेगी।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में कच्चे तेल का भंडार वर्तमान में पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अगले दो महीनों के लिए पर्याप्त कच्चे तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की व्यवस्था की है। संयुक्त सचिव ने यह भी बताया कि देश की रिफाइनरियां अपनी अधिकतम क्षमता के साथ काम कर रही हैं और खुदरा दुकानों पर ईंधन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कीमतों में उतार-चढाव के असर से घरेलू उपभोक्ताओं को बचाने के लिए सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क कम किया है ताकि कीमतों में बढोतरी न हो।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने अब तक एक हजार 171 भारतीयों को आवागमन में सहायता की है। इनमें 818 छात्र शामिल हैं जो ईरान से जमीनी सीमा मार्ग से आर्मेनिया और अजरबैजान में प्रवेश कर चुके हैं और हवाई मार्ग से भारत लौट रहे हैं।