जनवरी 21, 2026 2:01 अपराह्न

printer

सरकार ने स्वीकृत की एसआईडीबीआई को 5,000 करोड़ रुपये की पूंजीगत सहायता राशि

सरकार ने लघु उद्योग विकास बैंक – एस आई डी बी आई को पांच हजार करोड़ रुपये की पूंजीगत सहायता राशि स्वीकृत की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रीमंडल की बैठक में आज ये निर्णय लिया गया। इससे, 25 लाख 74 हजार से अधिक सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्योगो से जु़ड़े लाभार्थियों को लाभ मिलने की आशा है।

इसके बाद, चालू वित्त वर्ष की समाप्ति तक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों में होने वाला निवेश 76 लाख रुपये से बढ़कर आगामी वित्त वर्ष के अंत तक एक करोड़ से अधिक होने की संभावना है। अगले वित्त वर्ष के अंत तक रोजगार सृजन में भी एक करोड़ 12 लाख की बढ़ोत्तरी का अनुमान है।

वित्तीय सेवा विभाग द्वारा लघु उद्योग विकास बैंक को ये सहायता तीन किस्तों में अंतरित की जाएगी। पहली किस्त में तीन हजार करोड़ रुपये इसी वित्त वर्ष में इसके बाद, अगले वित्त वर्ष और वित्त वर्ष 2027-28 में एक-एक हजार करोड़ रुपये अंतरित किए जाएंगे।