मार्च 24, 2026 2:16 अपराह्न

printer

गुजरात में कोसंबा रेल ओवर-रेल-आरओआर फ्लाईओवर परियोजना और बिहार में भागलपुर बाईपास परियोजना को सरकार की मंजूरी

सरकार ने रेल संपर्क को मजबूत करने और परिचालन दक्षता में सुधार लाने के लिए गुजरात में कोसंबा रेल ओवर-रेल-आरओआर फ्लाईओवर परियोजना और बिहार में भागलपुर बाईपास परियोजना को मंजूरी दे दी है। रेल मंत्रालय ने बताया कि दोनों परियोजनाओं की कुल स्वीकृत लागत लगभग छह सौ सैंतालीस करोड़ रुपये है।

मंत्रालय ने कहा कि आरओआर फ्लाईओवर के निर्माण से कोसंबा-उमरापाड़ा गेज रूपांतरण खंड को निर्बाध संपर्क मिलेगा। इस परियोजना में लगभग तीन सौ चौवालीस करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 9 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण किया जाना है। इससे सतही क्रॉसिंग समाप्त हो जाएंगी और गेज रूपांतरण खंड का मुंबई-वडोदरा मुख्य लाइन के साथ निर्बाध एकीकरण संभव हो सकेगा। मंत्रालय ने कहा कि इससे इन महत्वपूर्ण मार्गों पर ट्रेनों की निर्बाध और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित होगी और गेज रूपांतरण परियोजना के लाभों को पूरी तरह से प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

इस बीच, 13 किलोमीटर से अधिक लंबी भागलपुर बाईपास परियोजना का निर्माण लगभग तीन सौ तीन करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया जा रहा है। मंत्रालय ने कहा कि यह परियोजना बरहट-भागलपुर खंड पर स्थित गोनू धाम हॉल्ट को भागलपुर-साहिबगंज खंड पर स्थित सबौर से जोड़ेगी, जिससे भागलपुर जंक्शन पर भीड़ कम होगी। मंत्रालय ने कहा कि इन बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से गुजरात और बिहार में रेल संपर्क मजबूत होगा, सुरक्षा बढ़ेगी, भीड़ कम होगी और रेल संचालन की समग्र दक्षता में सुधार होगा।