बर्लिन में भारत पर्व के अंतर्गत आयोजित वेव्स बाज़ार में वैश्विक सिनेमा विशेषज्ञों, प्रौद्योगिकी नवप्रवर्तकों और नीति निर्माताओं का महत्वपूर्ण सम्मेलन हुआ। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम- एन.एफ.डी.सी. द्वारा वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट वेव्स पहल के तहत आयोजित किया गया।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने कहा कि इस आयोजन ने सिनेमा, मीडिया और उभरती रचनात्मक तकनीकों के क्षेत्र में भारत के बढ़ते प्रभाव को रेखांकित किया और देश को एक उभरती हुई वैश्विक कंटेंट फैक्ट्री के रूप में स्थापित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के पर्यटन, कला और संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने दिल्ली पर्यटन की ओर से प्रस्तुति दी और फिल्म निर्माताओं के लिए राजधानी की नई नीतियों को रेखांकित किया। उन्होंने विरासत, सांस्कृतिक विविधता और आधुनिक अवसरंचना के माध्यम से दिल्ली को फिल्मों के लिए पसंदीदा शहर बनाने के दृष्टिकोण पर भी प्रकाश डाला।