यूरोप की कई डाक सेवाओं ने नए आयात शुल्क को लेकर स्पष्टता की कमी के बीच अमरीका को कई पैकेजों की खेप भेजने पर रोक लगाने की घोषणा की है। जर्मनी, डेनमार्क, स्वीडन और इटली की डाक सेवाओं ने कहा है कि वे अमरीका को तत्काल प्रभाव से अधिकांश माल भेजना बंद कर देंगे। फ्रांस और आस्ट्रिया कल से और ब्रिटेन मंगलवार से माल भेजने पर रोक लगाएंगे।
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के पिछले महीने के एक फैसले पर हस्ताक्षर करने के बाद अंतर्राष्ट्रीय वस्तुओं पर 29 अगस्त से आयात शुल्क लग जाएगा। पहले ये वस्तुएं अमरीकी शुल्क से मुक्त थीं। हालांकि एक सौ अमरीकी डॉलर से कम कीमत के पत्र पुस्तकें, उपहार और छोटे पार्सेलों पर छूट जारी रहेगा।
कई यूरोपीय डाक सेवाओं ने कहा है कि वे अपनी वस्तुओं की डिलीवरी रोक रहे हैं, क्योंकि वे 29 अगस्त से पहले इन वस्तुओं के अमरीका पहुंचने की गारंटी नहीं दे सकते। उनका कहना है कि नए नियमों के तहत वस्तुओं को लेकर अनिश्चतता बनी हुई है।