जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज कल से दो दिन की भारत यात्रा पर आ रहे हैं। यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल अहमदाबाद में उनकी अगवानी करेंगे। दोनों नेता भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस दौरान व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कौशल और गतिशीलता के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर बल दिया जाएगा। वार्ता में रक्षा और सुरक्षा, विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान, हरित और सतत विकास क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज व्यापार और उद्योग जगत के प्रमुखों के साथ भी बातचीत करेंगे और क्षेत्रीय तथा वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
श्री मर्ज साबरमती आश्रम और अडालज स्टेपवेल जाएंगे और पतंग महोत्सव में शामिल होंगे। वे बेंगलुरु में बॉश कैंपस और सेंटर फॉर नैनो साइंस एंड इंजीनियरिंग भी जाएंगे।