भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग ने उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में आज और कल भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। इसको देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्कता बरतने और तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
संवेदनशील इलाकों में भारी वर्षा से भूस्खलन की आशंका जताई गई है, जिससे यातायात बाधित होने की संभावना है। सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संबंधित विभागों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहने और लगातार निगरानी करने को कहा गया है। पर्यटक स्थलों और संवेदनशील मार्गों पर विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं।
भारी वर्षा की स्थिति में पर्यटकों और पैदल यात्रियों की आवाजाही पर भी रोक लगाने के निर्देश हैं। किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर- 0 1 3 5 2 7 1 0 3 3 5, 0 1 3 5 2 7 1 0 3 3 4, टोल फ्री 1 0 7 0 , 9 0 5 8 4 4 1 4 0 4, 8 2 1 8 8 6 7 0 0 5 जारी किए गए हैं।