लद्दाख में नई चेतना के चौथे संस्करण के अंतर्गत सभी के लिए समान अवसरों पर एक महीने तक चलने वाला लैंगिक संवेदनशीलता और जागरूकता अभियान आज शुरू हुआ। अभियान की शुरुआत लैंगिक समानता की शपथ के साथ हुई। इसके बाद आर्थिक विकास में महिलाओं के योगदान और समृद्धि की प्रमुख प्रेरक शक्ति के रूप में उनकी भूमिका पर प्रस्तुति दी गई।
यह समान लैंगिक अधिकारों और अवसरों को बढ़ावा देने की राष्ट्रव्यापी पहल का हिस्सा है। लद्दाख ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान लेह जिले के सभी ब्लॉकों और उप-मंडलों में कई गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
लद्दाख ग्रामीण आजीविका मिशन, लेह की जिला कार्यक्रम प्रबंधक अबिया तबैसुम ने कहा कि नई चेतना का यह चौथा संस्करण है। यह अभियान समुदाय की भागीदारी के साथ कार्रवाई के माध्यम से लिंग आधारित भेदभाव के खिलाफ जन आंदोलन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर है। इस अभियान का विषय है- महिलाएं अग्रणी भूमिका निभाएं: विकसित ग्रामीण भारत की दिशा में समावेशी विकास के लिए आर्थिक सशक्तिकरण।