ब्रिटेन के चार सांसदों ने फरवरी में होने वाले चुनाव से पहले बांग्लादेश में मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार द्वारा व्यापक रूप से समर्थित राजनीतिक दलों पर लगाए गए प्रतिबंध पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह कदम संयुक्त राष्ट्र के साथ-साथ ब्रिटेन और अन्य सहयोगियों के दिशानिर्देशों की अवहेलना है। बॉब ब्लैकमैन, जिम शैनन, जस अथवाल और क्रिस लॉ सहित विभिन्न दलों के ब्रिटिश सांसदों ने इस बात पर बल दिया कि मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली गैर-निर्वाचित अंतरिम सरकार को बांग्लादेशी मतदाताओं पर इस तरह के प्रतिबंध नहीं लगाने चाहिए थे।
उन्होंने चेतावनी दी कि प्रमुख राजनीतिक दलों को बाहर रखने वाले किसी भी चुनाव को लोकतांत्रिक नहीं माना जाएगा। सांसदों ने अपने बयान में कहा कि शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग के सत्ता से हटने और 2024 में अंतरिम सरकार के गठन के बाद पहली बार 12 फरवरी को होने वाले राष्ट्रीय चुनाव से पहले बांग्लादेश चहुमुखी दुविधाओं से घिरा है।