दिल्ली के विवेक विहार क्षेत्र में एक आवासीय इमारत में बीती रात करीब 3 बजकर 45 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। दिल्ली अग्निशमन विभाग के अनुसार, सूचना मिलते ही विभाग के 14 दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। विभाग के अनुसार सुबह के 6 बजकर 25 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस, दमकल कर्मियों और अन्य एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया, जहां इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर आग लगी थी। इस दुर्घटना में 10 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें से 2 लोग मामूली रूप से घायल पाए गए। घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इस घटना में कुल 9 लोग हताहत हुए है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस पर, दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दुख व्यक्त किया है। साथ ही, एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री संधू ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। उपराज्यपाल ने बताया कि अधिकारियों को घायलों की सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, प्रभावित लोगों को तत्काल राहत और सहायता प्रदान करने को भी कहा है। श्रीमती गुप्ता ने दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि दिल्ली सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है, और प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है।
वही, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और दुर्घटना को ह्दय विदारक बताया। मीडिया से बातचीत में, श्री सचदेवा ने बताया कि एसी यूनिट में आग और विस्फोट के कारण हुए इस हादसे में 9 लोगों की असमय मृत्यु पीड़ित परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक संजय गोयल घटना की जानकारी मिलते ही कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गए थे।