नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली को कल काठमांडू जिला न्यायालय ने पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। श्री ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को पिछले साल सितंबर में हुए जेन-जी विरोध प्रदर्शन को दबाने में कथित संलिप्तता के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। इन प्रदर्शनों में 76 लोग मारे गए थे।
नवगठित बालेंद्र शाह सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में प्रदर्शनों के लिए गठित जांच आयोग की रिपोर्ट को लागू करने के निर्णय के एक दिन बाद ये गिरफ्तारी हुई हैं।
जिला न्यायालय के सूचना अधिकारी दीपक कुमार श्रेष्ठ के अनुसार, बिगड़ते स्वास्थ्य के कारण पूर्व प्रधानमंत्री ओली ने जिला न्यायालय सत्र में वर्चुअल रूप से भाग लिया। श्री ओली का काठमांडू के महाराजगंज स्थित त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में उपचार चल रहा है। वे पांच दिनों की हिरासत के दौरान अस्पताल में ही रहेंगे।
पूर्व गृह मंत्री लेखक को दस दिन की हिरासत की मांग करते हुए जिला अदालत में पेश किया गया। उन्हें पांच दिन की हिरासत पर भेज दिया गया।एक अन्य घटनाक्रम में, नेपाल पुलिस ने कल पूर्व ऊर्जा मंत्री और नेपाली कांग्रेस नेता दीपक खड़का को धन-शोधन मामले में गिरफ्तार किया।