झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 81 वर्ष की आयु में आज नई दिल्ली में देहांत हो गया। राज्यसभा के सदस्य शिबू सोरेन किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और डेढ़ महीने पहले उन्हें स्ट्रोक भी हुआ था। वे पिछले एक महीने से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में जीवन रक्षक प्रणाली (वेंटीलेटर) पर थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन के प्रति समर्पित, शिबू सोरेन, जन सेवा की बदौलत समाज के निचले स्तर से उभरे नेता थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री सोरेन ने जनजातीय समुदायों, निर्धन और उपेक्षित लोगों के सशक्तिकरण के लिए विशेष प्रयास किए हैं। श्री मोदी ने सोरेन के परिजनों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फोन पर बातचीत की और शिबू सोरेन की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया।
इस बीच, झारखंड में आज से तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। राज्य में सभी सरकारी कार्यालय आज और कल बंद रहेंगे। शिबू सोरेन की मृत्यु को देखते हुए झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष थे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता थे।