वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि जूते-चप्पल उद्योग भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि इसका बाजार आकार लगभग डेढ़ से दो लाख करोड़ रुपये का है और यह श्रम प्रधान उद्योग है। नई दिल्ली में आज जूते-चप्पल उद्योग के हितधारकों से बातचीत के दौरान श्री गिरिराज सिंह ने तकनीकी वस्त्र जैसे नए क्षेत्रों के उदय का उल्लेख किया। सरकारी पहलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में तकनीकी वस्त्रों को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार 600 करोड़ रुपये से अधिक की उत्पादन-संबंधी प्रोत्साहन योजना शुरू की गई है।
वस्त्र मंत्री ने स्वीकार किया कि जूते उद्योग को कच्चे माल और गुणवत्ता से संबंधित मुद्दों सहित कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने हितधारकों को आश्वासन दिया कि इन चुनौतियों का समाधान करने और उद्योग को और अधिक जीवंत बनाने के प्रयास किए जाएंगे।