मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

जुलाई 7, 2024 1:08 अपराह्न | असम | बाढ़

printer

असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, पिछले 24 घंटे के दौरान छह लोगों की मौत

असम में पिछले 24 घंटे के दौरान बाढ़ से छह और लोगों की मृत्‍यु के साथ ही राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्‍या 58 हो गई है। प्रदेश के 29 जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और लगभग 24 लाख लोगों पर बाढ़ का बुरा प्रभाव पड़ा है। बाढ़ग्रस्त 107 राजस्‍व-क्षेत्रों के 3,500 से अधिक गांवों में करीब 68 हजार हेक्‍टेयर की फसल बर्बाद हो गई है। राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्‍य आपदा मोचन बल ने पिछले 24 घंटे के दौरान 218 लोगों को सुरक्षित स्‍थानों पर पहुंचाया है।

 

राज्य में ब्रह्मपुत्र, बराक और सभी सहायक नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान 176 सड़कों, दो पुलों और कई अन्‍य इमारतों को नुकसान पहुंचा है। लगभग 15 लाख मवेशी भी बाढ़ की चपेट में हैं। राज्‍य सरकार ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 293 सहायता शिविर और 284 राहत वितरण केंद्र स्थापित किए हैं। 53 हजार से अधिक लोगों ने करीब 300 राहत शिविरों में शरण ली हुई है। मौसम विभाग ने राज्य में आज भी तेज़ वर्षा की चेतावनी जारी की है। इस बीच, गुवाहटी में आठ वर्षीय बच्‍चे का शव तीन दिन की खोज के बाद बरामद कर लिया गया है। यह बच्‍चा अपने पिता के साथ घर जाते समय एक नाले में गिर गया था।