मार्च 16, 2026 1:54 अपराह्न

printer

ड्रोन हमले के बाद दुबई हवाई अड्डे पर चुनिंदा गंतव्यों के लिए उड़ानें फिर से शुरू

दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चुनिंदा गंतव्यों के लिए उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं। आज तड़के ईरान के ड्रोन हमले के कारण कुछ समय के लिए उड़ानें स्थगित कर दी गई थीं। दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने यात्रियों से उड़ान की नवीनतम जानकारी के लिए अपनी एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी है।

आज एक ड्रोन ने हवाई अड्डे के परिसर के पास एक ईंधन टैंक पर हमला किया, जिससे भीषण आग लग गई और कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने वाला घना काला धुआं आसमान में फैल गया। आपातकालीन सेवाओं को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया और आग पर काबू पा लिया गया। हवाई अड्डे पर किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दुबई मीडिया कार्यालय ने हमले की पुष्टि की। अमीरात एयरलाइन ने पहले ही सभी उड़ानों को स्थगित करने की घोषणा कर दी थी और यात्रियों से हवाई अड्डे पर न जाने का आग्रह किया था।

इसके अतिरिक्‍त अबू धाबी अधिकारियों ने अल बह्याह क्षेत्र में हुई एक घटना की पुष्टि की, जहां एक मिसाइल ने एक नागरिक वाहन को निशाना बनाया, जिसमें एक फिलिस्तीनी नागरिक की मौत हो गई। इस बीच, ईरान के मीडिया संचालन केंद्र ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले घंटों में दुबई और दोहा पर और हमले हो सकते हैं। आज के हमले को व्यापक रूप से ईरान के लक्षित रणनीति में जानबूझकर की गई वृद्धि के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें महत्वपूर्ण ईंधन और रसद अवसंरचना को निशाना बनाया जा रहा है। इससे संचालन पूरी तरह से ठप हो सकता है।