ग्रामीण जीवन में नवाचार को बढ़ावा देते हुए बदलाव और डिजिटल समावेशन के उद्देश्य से, केंद्र सरकार ने ‘फाइव-जी इंटेलिजेंट विलेज‘ और ‘क्वांटम एन्क्रिप्शन एल्गोरिदम‘ के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। इसके लिए उद्योग, एमएसएमई, स्टार्टअप, शिक्षा जगत और उन सरकारी विभागों को आमंत्रित किया गया है जो दूरसंचार उत्पादों और समाधानों के प्रौद्योगिकी डिजाइन, विकास एवं वाणिज्यिकरण जैसे कार्यों में शामिल हैं। ‘फाइव–जी इंटेलिजेंट विलेज‘ पहल ग्रामीण समुदायों के उत्थान के लिए फाइव-जी प्रौद्योगिकी की बदलावकारी शक्ति का उपयोग करते हुए न्यायसंगत तकनीकी उन्नति की तत्काल आवश्यकता को पूरा करती है। इसका उद्देश्य कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, शासन और स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर ध्यान देना है। विशेष रूप से भारत पर केंद्रित क्वांटम एन्क्रिप्शन एल्गोरिदम क्वांटम मैकेनिक्स के सिद्धांतों का उपयोग करते हुए डिजिटल संचार चैनलों को सुरक्षित रखने के लिए एक अत्याधुनिक दृष्टिकोण प्रस्तुत करेगा।