जून 24, 2024 2:04 अपराह्न | Lok Sabha | Parliament Session

printer

नवनिर्वाचित सांसदों के शपथ लेने के साथ शुरू हुआ 18वीं लोकसभा का पहला सत्र

18वीं लोकसभा का पहला सत्र आज नवनिर्वाचित सांसदों के सदन के सदस्य के रूप में शपथ लेने के साथ शुरू हुआ। लोकसभा के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन के सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले प्रथम सदस्य रहे। प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब ने श्री मोदी को शपथ दिलाई। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव तक सदन की कार्यवाही चलाने में श्री महताब की सहायता के लिए नियुक्त अध्यक्ष को पैनल की शपथ दिलाई गई। भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह और फग्गन सिंह कुलस्ते ने चेयरपर्सन पैनल के सदस्य के रूप में शपथ ली।

 

हालांकि, कांग्रेस सांसद के सुरेश, डीएमके सांसद टी. आर. बालू और टीएमसी के सुदीप बंद्योपाध्याय ने पैनल के सदस्यों के रूप में शपथ नहीं ली। इसके बाद केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी, मनोहर लाल, पीयूष गोयल, जीतनराम मांझी, राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, डॉ वीरेंद्र कुमार, किरेन रिजिजू, चिराग पासवान और अन्य ने लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की।

 

केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी और प्रह्लाद जोशी ने कन्नड़ में शपथ ली, जबकि धर्मेंद्र प्रधान और जुएल ओराम ने उड़िया भाषा में शपथ ली। एक अन्य केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने असमिया में और केन्‍द्रीय मंत्री के. राम मोहन नायडू और जी किशन रेड्डी ने तेलुगु भाषा में शपथ ली। केन्‍द्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने गुजराती भाषा में शपथ ली। वहीं, प्रताप राव जाधव ने मराठी और डॉ. जितेन्‍द्र सिंह ने डोगरी भाषा में शपथ ली। केन्‍द्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने मलयालम और सुकांता मजूमदार ने बंगाली भाषा में शपथ ली। केन्‍द्रीय मंत्री दुर्गा दास उइके ने संस्कृत में शपथ ली।

 

सदन में अभी नवनिर्वाचित सदस्यों की शपथ और प्रतिज्ञान की प्रक्रिया चल रही है। सभी सांसद अपने-अपने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के नामों के क्रम में शपथ ग्रहण कर रहे हैं।