छत्तीसगढ़ में आज पहले खेलो इंडिया जनजातीय खेल की शुरुआत होगी। ये खेल 3 अप्रैल तक चलेंगे। इसमें एथलेटिक्स, हॉकी ,फुटबॉल, तीरंदाजी, कुश्ती, भारोत्तोलन और तैराकी सहित सात खेलों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनके अतिरिक्त मल्लखंब और कबड्डी को प्रदर्शन खेलों के रूप में शामिल किया गया है।
खेलो इंडिया जनजातीय खेल छत्तीसगढ़ के तीन शहरों रायपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में आयोजित होंगे। रायपुर में फुटबॉल, हॉकी, तीरंदाजी, तैराकी, भारोत्तोलन और कबड्डी की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। बस्तर में एथलेटिक्स प्रतियोगिता का जबकि सरगुजा में कुश्ती और मल्लखंब प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
इन खेलों में 30 हजार से अधिक जनजातीय खिलाड़ी और देश के करीब 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारी भाग लेंगें।
खेलो इंडिया जनजातीय खेलों का उद्घाटन समारोह आज रायपुर में होगा। केंद्रीय खेल और युवा कार्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया इन खेलों का शुभारंभ करेंगे।