पहला बिम्सटेक पारंपरिक संगीत समारोह आज शाम नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
भारत, बांग्लादेश, भूटान, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड के कलाकार इस संगीत संध्या में प्रस्तुति देंगे। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद-आई.सी.सी.आर. द्वारा आयोजित सप्तसुर- ‘सात राष्ट्र, एक राग’ नामक इस समारोह में सात बिम्सटेक देशों की विशिष्ट संगीत परंपराओं का प्रदर्शन किया जाएगा। यह समारोह बिम्सटेक सहयोग में एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक मील का पत्थर है। इस सांस्कृतिक पहल की शुरुआत इस वर्ष अप्रैल में थाईलैंड में आयोजित बिम्सटेक सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत में पहले बिम्सटेक पारंपरिक संगीत समारोह की मेजबानी की पुष्टि से हुई। सांस्कृतिक कार्यक्रम की इस असाधारण संध्या का आनंद लेने के लिए सभी क्षेत्रों के दर्शक निःशुल्क शामिल हो सकते है। सीटें ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध हैं तथा मेहमानों से अनुरोध किया गया है कि शाम छह बजे तक अपनी सीट पर पहुंच जाएं।