पश्चिम एशिया में आज फारसी नव वर्ष नवरोज और ईद अल-फित्र के बीच बढ़ते संघर्ष तथा महत्वपूर्ण ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर व्यापक हमलों ने उत्सवों की रौनक फीकी कर दी है। पिछले 48 घंटों में इस क्षेत्र में तनाव बढ़ा है और सीधे सैन्य ठिकानों के बजाय अब आर्थिक परिसंपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में इसी तरह के तनाव की खबरें हैं।
सऊदी अरब ने पूर्वी क्षेत्र में ड्रोन को विफल किया, जबकि बहरीन ने मिसाइल गतिविधि की पुष्टि की है जिसके कारण मलबा गिरने से आग लग गई। ऐसी भी खबरें हैं कि एक अमरीकी एफ-35 लड़ाकू विमान को हमले के बाद आपात स्थिति में उतरना पड़ा।
ईरान द्वारा फिर हमले शुरू करने के बाद इस्राइल में रात भर चेतावनी सायरन बजते रहे। मिसाइलों ने हाइफ़ा में एक तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया, जो देश के घरेलू ईंधन उत्पादन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
पूरे खाड़ी क्षेत्र में, ऊर्जा प्रतिष्ठान दबाव में है। कतर की रास लाफ़ान सुविधा को व्यापक क्षति पहुंची है, और अधिकारियों ने लिक्वीफाइड प्राकृतिक गैस निर्यात पर महत्वपूर्ण प्रभाव का संकेत दिया है।
संयुक्त अरब अमीरात में मिसाइलों को विफल करने और मलबा गिरने के बाद हबशान गैस प्रतिष्ठान तथा बाब तेल क्षेत्र सहित प्रमुख प्रतिष्ठानों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
इस बीच, होर्मुज जलडमरूमध्य लगभग बंद है, जिससे वैश्विक तेल और गैस प्रवाह का एक बड़ा हिस्सा बाधित हो गया है और ऊर्जा बाजारों में अस्थिरता फैल गई है।