अप्रैल 13, 2026 6:23 पूर्वाह्न

printer

विदेश मंत्री डॉक्‍टर एस. जयशंकर की दो दिन की संयुक्‍त अरब अमीरात यात्रा सम्‍पन्‍न

विदेश मंत्री डॉक्‍टर एस. जयशंकर की दो दिन की संयुक्‍त अरब अमीरात यात्रा सम्‍पन्‍न हो गई है। इस दौरान उन्‍होंने संयुक्‍त अरब अमीरात के राष्‍ट्रपति शेख मोहम्‍मद-बिन-जायद-अल-नहयान से भेंट की और उन्‍हें प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का व्‍यक्तिगत संदेश सौंपा। दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा सहयोग, व्‍यापार बढ़ाने और व्‍यापक रणनीतिक भागीदारी मजबूत करने पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान दुबई के युवराज शेख हमादान-बिन-मोहम्‍मद-बिन-राशिद-अल-मख़तूम भी उपस्थित थे। डॉक्‍टर जयशंकर ने संयुक्‍त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्‍दुल्‍ला-बिन-जायद-अल-नहयान से भी अलग से बाातचीत की। मुख्‍य रूप से क्षेत्रीय स्थिरता तथा पश्चिम एशिया संघर्ष और भारतीयों को सुरक्षित निकालने के प्रयासों पर चर्चा हुई। 
 
शनिवार को संयुक्‍त अरब अमीरात पहुंचने पर डॉक्‍टर जयशंकर ने वहां रह रहे भारतीयों से बातचीत की। बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच उनकी सुरक्षा के लिए भारत सरकार के प्रयासों का उल्‍लेख किया। 
 
डॉक्‍टर जयशंकर की यह यात्रा खाड़ी देशों से ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के राजनयिक प्रयासों के तहत है। संयुक्‍त अरब अमीरात, भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्‍यापारिक साझेदार है। डॉ. जयशंकर चार दिन की यात्रा के अंतिम चरण में संयुक्‍त अरब अमीरात पहुंचे थे। उन्‍होंने मॉरिशस में नौवें भारतीय सागर सम्‍मेलन में भी भागीदारी की।