कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बिहार में लीची की फसल को कीड़ों से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए त्वरित और सक्रिय कदम उठाए हैं। श्री चौहान ने एक विशेष विशेषज्ञ कार्यबल गठित करने का निर्देश दिया। यह कार्य बल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगा और निवारण उपायों के लिए अनुशंसाओं के साथ रिपोर्ट जमा करेगा। लखनऊ के केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान में आयोजित किसान चर्चा कार्यक्रम के दौरान श्री चौहान के समक्ष यह मुद्दा उठाया गया।
विभिन्न संस्थानों के वैज्ञानिक, अधिकारियों और विशेषज्ञों को लेकर विशेषज्ञ कार्यबल का गठन किया गया है। मुजफ्फरपुर के राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र के निदेशक को इस पैनल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह कार्यबल राज्य और केंद्रीय स्तर पर आवश्यक हस्तक्षेपों का सुझाव देने के अलावा आवश्यक परामर्श और किसानों के लिए विस्तारित गतिविधियों की सिफारिश भी करेगा। इस टीम को एक सप्ताह के भीतर केंद्रीय कृषि मंत्री को अपनी रिपोर्ट जमा करने को कहा गया है ताकि समय पर आवश्यक कार्यवाही की जा सके।