यूरोपीय संघ परिषद ने रूस पर अपने व्यापक आर्थिक प्रतिबंधों को छह महीने के लिए और बढ़ा दिया है, जबकि यूरोप अमरीका के नेतृत्व में वार्ता के साथ-साथ रूस से सीधे संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रहा है। रूस पर ये प्रतिबंध पहली बार वर्ष 2014 में लगाए गए थे और फरवरी 2022 के बाद इनका विस्तार किया गया है। परिषद के अनुसार इनमें व्यापार, वित्त, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और दोहरे उपयोग वाली वस्तुओं के साथ-साथ उद्योग, परिवहन और विलासिता की वस्तुएं भी शामिल हैं। 31 जुलाई, 2026 तक आर्थिक प्रतिबंधों को बढ़ाया गया है।
इस बीच यूरोपीय संघ ने यूक्रेन को समर्थन देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। पिछले सप्ताह एक शिखर सम्मेलन में यूरोपीय परिषद ने अगले दो वर्षों में यूक्रेन की सैन्य और आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए लगभग 105 दशमलव 4 बिलियन डॉलर के ऋण को मंजूरी दी। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष अंतोनियो कास्ट ने कहा कि यूरोपीय संघ को यह सुनिश्चित करना होगा कि यूक्रेन शांति समझौते पर बातचीत करने की स्थिति में हो।
इसकी आलोचना करते हुए रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रियाबकोव ने कहा कि यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगी प्रगति में बाधा डाल रहे हैं। रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने कहा कि यह एक सच्चाई है कि जब भी अमरीका से बातचीत सकारात्मक मोड़ लेने लगती है, यूक्रेन और उसके यूरोपीय संरक्षक इसे बाधित करने का प्रयास करने लगते हैं।