निर्वाचन आयुक्त डॉ. एस.एस. संधू ने आज पंजाब के मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के पहले की स्थिति – प्री-एसआईआर के आंकड़ों की प्रगति की समीक्षा की। पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीमती अनिंदिता मित्रा ने बताया कि राज्य में प्री-एसआईआर गतिविधि के तहत कुल मतदाताओं में से 72 दशमलव दो-छह प्रतिशत का सफलतापूर्वक पुनरीक्षण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि विभाग नियमित रूप से प्री-एसआईआर की समीक्षा कर रहा है और जिला चुनाव अधिकारियों को मतदान बूथवार निगरानी सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है।
हमारे संवाददाता ने बताया कि श्री संधू ने जालंधर और कपूरथला के उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों से बातचीत करते हुए पुनरीक्षण से संबंधित चुनौतियों और समाधानों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को उन बीएलओ से संपर्क करने और उन्हें प्रेरित करने के लिए कहा जिनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, ताकि पुनरीक्षण में तेजी लाकर निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।