निर्वाचन आयोग ने छह राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यक्रम में संशोधन किया है। इनमें तमिलनाडु, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार तमिलनाडु और गुजरात में पुनरीक्षण कार्य अब 14 दिसम्बर तक पूरे किए जाएंगे। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और अण्डमान-निकोबार द्वीप समूह में पुनरीक्षण कार्य की समय सीमा 18 दिसम्बर तक बढ़ा दी गई है। उत्तर प्रदेश में भी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य समाप्त करने की तिथि 26 दिसम्बर तक बढ़ा दी गई है।
मतदाता सूची के मसौदे के प्रकाशन की तिथि में भी संशोधन किया गया है। तमिलनाडु और गुजरात में सूची का मसौदा 19 दिसम्बर को जारी किया जाएगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और अण्डमान-निकोबार द्वीप समूह में मतदाता सूची का मसौदा 23 दिसम्बर को प्रकाशित होगा। उत्तर प्रदेश में इसका प्रकाशन 31 दिसम्बर को होगा। निर्वाचन आयोग ने केरल के कार्यक्रम में पहले ही संशोधन किया है।
केरल में गणना प्रपत्र जमा करने की अवधि 18 दिसम्बर को समाप्त हो जाएगी और मतदाता सूची का मसौदा 23 दिसम्बर को प्रकाशित होगा। आयोग ने यह भी कहा है कि गोआ, गुजरात, लक्षद्वीप, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में गणना प्रपत्र जमा करने की अवधि आज समाप्त हो जाएगी।
इन राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में मसौदा मतदाता सूची 16 दिसम्बर को प्रकाशित होगी। आयोग ने यह भी कहा है कि कार्यक्रम में संशोधन का फैसला छह राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्य चुनाव अधिकारियों से प्राप्त अनुरोध के बाद लिया गया है।