निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बसंती पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक अविजित पाल को निलंबित कर दिया है। उन्हें कल बसंती बाजार हिंसा से निपटने में कथित लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है। इस घटना में पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए थे।
विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रवर्तन शाखा के प्रबीर घोष को नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
एक अन्य मामले में, नदिया जिले के राणाघाट में, आयोग ने एक मतदान अधिकारी पर हमले के बाद कडी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। यह हमला प्रशिक्षण सत्र के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का प्रचार वीडियो दिखाए जाने का मतदान अधिकारी के विरोध करने के समय हुआ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस मामले में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
नदिया जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीकांत पल्ली ने बताया कि आरोपियों को निलंबित कर दिया गया है और संबंधित खंड विकास अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।