निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए दूरदर्शन और आकाशवाणी पर मुफ्त प्रसारण समय हेतु राष्ट्रीय और राज्य के राजनीतिक दलों को डिजिटल वाउचर आवंटित किए हैं। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक दल को राज्य के भीतर क्षेत्रीय नेटवर्क पर समान रूप से 45 मिनट का दूरदर्शन और आकाशवाणी पर मुफ्त प्रसारण समय आवंटित किया गया है।
निर्वाचन आयोग ने कहा कि प्रसारण अवधि प्रत्येक चरण में उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित होने की तिथि से लेकर मतदान की तिथि से दो दिन पहले तक निर्धारित की जाएगी।
आयोग ने यह भी बताया कि राजनीतिक दलों को रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्ट पहले से जमा करने होंगे और संबंधित दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। रिकॉर्डिंग प्रसार भारती द्वारा निर्धारित तकनीकी मानकों को पूरा करने वाले स्टूडियो में या दूरदर्शन या आकाशवाणी केंद्रों में की जा सकती है।
इसके अलावा प्रसार भारती दूरदर्शन और आकाशवाणी पर दो पैनल चर्चाओं का भी आयोजन करेगी। निर्वाचन आयोग ने कहा कि प्रत्येक पात्र राजनीतिक दल कार्यक्रम के लिए एक प्रतिनिधि को मनोनीत कर सकता है और इसका संचालन एक अनुमोदित समन्वयक द्वारा किया जाएगा।