हरियाणा में चुनाव प्रचार चरम पर है। भिवानी जिला के लोहारू विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जेपी दलाल का जनसंपर्क अभियान आज भी जारी रहा। भाजपा के स्टार प्रचारक और वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई ने आज उनके पक्ष में गांव लीलस तथा बड़वा में जनसभा को संबोधित किया। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि उनकी सरकार ने इस क्षेत्र में बहुत विकास करवाया है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने रोहतक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर अनुसूचित जाति विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों द्वारा ही सांसद कुमारी सैलजा पर असभ्य टिप्पणी ने उन्हे बेनकाब कर दिया है।
प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रोहतक में ब्राह्मण खाप के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। खाप ने चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने का ऐलान किया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हूडा ने गन्नौर और सोनीपत में नौ जनसभाएं कर कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
जननायक जनता पार्टी और आजाद समाज पार्टी के संयुक्त प्रत्याशी एडवोकेट सुशील गर्ग नरवाना ने पंचकुला स्थित इंदिरा कॉलोनी में अपने जनसंपर्क अभियान को आगे बढ़ाया ।
कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी प्रदीप चौधरी ने आज मोरनी में 10 जगहों पर चुनाव प्रचार करते हुए अपने लिए वोट मांगें। उन्होंने आरोप लगाया कि मोरनी क्षेत्र की सबसे ज्यादा अनदेखी हुई है।
आम आदमी पार्टी के बल्लभगढ़ से प्रत्याशी रवींद्र फौजदार ने कई कलोनियों में जनसम्पर्क किया।
इंडियन नैशनल लोकदल के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ने जुलाना विधानसभा के गाँव खरेंटी में गठबंधन उम्मीदवार डॉ सुरेन्द्र लाठर के लिए चुनाव प्रचार किया।