अप्रैल 5, 2026 9:17 अपराह्न

printer

असम में चुनाव प्रचार तेज, भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की रैलियां

असम में आज चुनाव प्रचार तेज़ हो गया। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पूरे राज्य में रैलियों को संबोधित किया। राज्य में मतदान गुरुवार को एक ही चरण में होगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता सर्बानंद सोनोवाल ने धेमाजी में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकारों ने अवैध घुसपैठ और ज़मीन पर कब्ज़े की अनुमति दी। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि भाजपा ने मूल निवासियों के कल्याण को प्राथमिकता दी है, उनके अधिकारों को सुरक्षित करने के लिए आठ लाख से ज़्यादा ज़मीन के पट्टे बांटे हैं, और पार्टी के 31-सूत्रीय चुनावी घोषणापत्र को पूरी निष्ठा के साथ लागू करने का वादा किया।

इस बीच, पार्टी नेता और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बोंगाईगांव, पलासबारी और गोलपारा में रैलियों को संबोधित किया।भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल असम का दौरा करने वाले हैं, जहाँ वे भवानीपुर-सोरभोग, होजाई और डिब्रूगढ़ में चुनाव प्रचार करेंगे।

दूसरी ओर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज बिश्वनाथ और गोलाघाट में रैलियां कीं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पिछली विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए मुख्य वादों को पूरा करने में नाकाम रही। उन्होंने सत्ता में आने पर युवाओं के लिए रोज़गार, बेहतर स्वास्थ्य सेवा, महिला सशक्तिकरण और चाय बागान श्रमिकों की दैनिक मज़दूरी बढ़ाकर 450 रुपये करने का वादा किया।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला