केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली में स्वास्थ्य, कृषि और टिकाऊ शहरों पर केंद्रित तीन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उत्कृष्टता केंद्रों की घोषणा की। श्री प्रधान ने कहा कि ये केंद्र अनुसंधान, नवाचार और अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन देने और जन कल्याण में प्रमुख भूमिका निभाएंगे।
ये केंद्र नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रोपड़ और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर में स्थापित किए जाएंगे।
नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान का केंद्र भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली के साथ मिलकर स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करेगा। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रोपड़ का केंद्र कृषि के क्षेत्र में और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर का केंद्र टिकाऊ शहर के लिए काम करेगा।
श्री प्रधान ने कहा कि यह ऐतिहासिक निर्णय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में देश की स्थिति को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि 10 साल बाद ये आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उत्कृष्टता केंद्र दुनिया के लिए समाधान प्रदान करने के लिए काम करेंगे।
इन केंद्रों की स्थापना की घोषणा वर्ष 2023-24 के बजट में की गई थी।