विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि विकास सहयोग भारत और जमैका के बीच साझेदारी का एक प्रमुख स्तंभ बना हुआ है। डॉ. जयशंकर जमैका की विदेश मंत्री कामिना जॉनसन स्मिथ और अन्य कैबिनेट सदस्यों के साथ अपनी बैठक के बाद मीडिया को संबोधित कर रहे थे। विदेश मंत्री ने कहा कि वार्ता व्यापक और सार्थक रही, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं को शामिल किया गया और सहयोग को और मजबूत करने के नए रास्ते तलाशे गए। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए और डिजिटल परिवर्तन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, खेल और डिजिटल भुगतान जैसे क्षेत्रों में हाल ही में संपन्न हुए समझौता ज्ञापनों के प्रभावी कार्यान्वयन पर चर्चा की ताकि जमीनी स्तर पर ठोस परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें।
डॉ. जयशंकर ने इस वर्ष मार्च में किटसन टाउन में ग्रामीण आजीविका सुधार परियोजना के सफल समापन और हस्तांतरण का भी उल्लेख किया।। उन्होंने कहा कि यह परियोजना भारत-संयुक्त राष्ट्र विकास साझेदारी कोष के तहत भारत की एक मिलियन डॉलर की सहायता से कार्यान्वित की गई थी। श्री जयश्जयशंकर ने कहा कि इस पहल से 200 से अधिक व्यक्तियों को प्रत्यक्ष लाभ हुआ है और किटसन टाउन समुदाय में हजारों लोगों पर इसका व्यापक सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत, तूफान मेलिसा के बाद जमैका के पुनर्निर्माण और पुनर्प्राप्ति में सहयोग करने पर गर्व महसूस करता है।
डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत और जमैका वर्तमान में भारत-कैरिकॉम विकास साझेदारी के तहत भारत की प्रतिबद्धता के अंतर्गत जमैका में एक कारीगर सशक्तिकरण केंद्र स्थापित करने की संभावना पर चर्चा कर रहे हैं।