मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

बांग्‍लादेश में चल रहे हिंसक प्रदर्शनों के कारण लगभग एक हजार भारतीय विद्यार्थी भारत लौट चुके हैं

बांग्‍लादेश में चल रहे हिंसक प्रदर्शनों के कारण लगभग एक हजार भारतीय विद्यार्थी भारत लौट चुके हैं। विदेश मंत्रालय ने बताया कि 778 भारतीय विद्यार्थी विभिन्‍न जमीनी बंदरगाह के जरिए भारत लौटे हैं। इसके अलावा लगभग 200 विद्यार्थी ढाका और चटगांव हवाई अड्डो से नियमित उडान के जरिए भारत लौटे हैं। मंत्रालय ने बताया कि ढाका में भारतीय उच्‍चायोग और चटगांव, राजशाही, सिलहट और खुलना के सहायक उच्‍चायोग भारतीय नागरिकों की देश वापसी में मदद कर रहे हैं। मंत्रालय ने कहा कि स्‍थानीय अधिकारियों के साथ समन्‍वय में उच्‍चायोग और सहायक उच्‍चायोग भारत-बांग्‍लादेश की अंतर्राष्‍ट्रीय सीमा पार करने के समय यात्रा को सुगम बनाने में सुविधा प्रदान कर रहे हैं। मंत्रालय भारतीय नागरिकों की निर्बाध वापसी सुनिश्चित करने के लिए नागर विमानन, आव्रजन, बंदरगाह और सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ भी समन्‍वय कर रहा है।

 

ढाका में भारतीय उच्चायोग और सहायक उच्चायोग बांग्लादेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में बचे चार हजार से अधिक विद्यार्थियों के साथ संपर्क में हैं। भारतीय उच्चायोग ने कहा है कि नेपाल और भूटान के विद्यार्थियों की भी भारत में प्रवेश करने में सहायता की गई है।

 

भारतीय नागरिकों और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्‍चित करने के लिए उच्‍चायोग और सहायक उच्‍चायोग बांग्‍लादेश के अधिकारियों के साथ नियमित सम्‍पर्क बनाए हुए हैं। मंत्रालय का कहना है कि आवश्‍यकतानुसार बंदरगाहों के जरिए स्‍वदेश वापसी के दौरान सडक से यात्रा करने के लिए रक्षक दल की भी व्‍यवस्‍था की जा रही है।