आज सुबह बोस्पोरस जलडमरूमध्य के पास तुर्की के तेल टैंकर, अल्तुरा, पर ड्रोन हमले के बाद काला सागर में तनाव बढ़ गया है। तुर्की की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लगभग एक लाख 40 हजार टन कच्चे तेल से लदे इस जहाज पर बोस्पोरस से लगभग 14 मील दूर से हमला किया गया।
किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। तुर्की के परिवहन और अवसंरचना मंत्री अब्दुलकादिर उरालोग्लू ने टैंकर पर हमले की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि जहाज पर सवार सभी 27 तुर्की चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। अधिकारियों ने बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।