मार्च 27, 2026 8:33 अपराह्न

printer

डीपीआईआईटी ने ईंधन प्रौद्योगिकी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक ईंधन प्रौद्योगिकी कंपनी के साथ समझौता किया

उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने ईंधन प्रौद्योगिकी, विनिर्माण और संबद्ध क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देने और स्टार्टअप्स को समर्थन देने के लिए एक ईंधन प्रौद्योगिकी कंपनी के साथ समझौता किया हैं।

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि यह सहयोग विनिर्माण और डीप-टेक क्षेत्र में स्टार्टअप्स को समर्थन प्रदान करने पर केंद्रित होगा। इसमें नवाचार चुनौतियों, हैकाथॉन, निवेशक संपर्क कार्यक्रमों और कौशल विकास पहलों का सह-आयोजन शामिल है।

यह साझेदारी प्रारंभिक चरण के नवोन्मेषकों को विचार निर्माण से लेकर प्रोटोटाइपिंग तक सहायता प्रदान करेगी और व्यापक पहुंच और भागीदारी के लिए स्टार्टअप इंडिया प्लेटफॉर्म का लाभ उठाएगी।

इस अवसर पर डीपीआईआईटी के संयुक्त सचिव संजीव ने कहा कि यह साझेदारी अवसंरचना, मार्गदर्शन और बाजार संपर्कों तक पहुंच को सक्षम बनाकर देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सहयोग ईंधन प्रौद्योगिकी, विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखला प्रौद्योगिकियों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में नवाचार को गति देने में सहायक होते हैं।