मार्च 27, 2026 12:56 अपराह्न

printer

यूरिया का घरेलू उत्पादन 230 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 315 लाख मीट्रिक टन हुआ: उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा

सरकार ने बताया है कि देश में पिछले एक दशक में यूरिया का घरेलू उत्पादन 2 सौ 30 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 3 सौ 15 लाख मीट्रिक टन हो गया है।

   आज लोकसभा में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए रसायन और उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि उत्पादन बढ़ाने के लिए 2014 से गोरखपुर, सिंदरी, बरौनी, रामागुंडम और पानागढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर कई नए उर्वरक संयंत्र स्थापित किए गए हैं।

   उन्होंने कहा कि भारत जॉर्डन, मोरक्को, सऊदी अरब और ओमान जैसे विभिन्न देशों के साथ दीर्घकालिक समझौतों के माध्यम से उर्वरक आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत कर रहा है।

    श्री नड्डा ने कहा कि खरीफ मौसम के लिए देश में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध है और किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यूरिया के संतुलित उपयोग और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं।

श्री नड्डा ने बताया कि किसानों को 24 करोड़ मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए जा चुके हैं, जिससे उन्हें अपनी मिट्टी और फसलों की विशिष्ट पोषक तत्वों की आवश्यकताओं को समझने में मदद मिल रही है।