पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के दीमापुर रेलवे स्टेशन को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा प्रतिष्ठित “ईट राइट स्टेशन” प्रमाणन से सम्मानित किया गया है। ये यात्रियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ भोजन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
स्टेशन पर खाद्य स्टालों, खानपान इकाइयों और खाद्य संचालकों के व्यापक ऑडिट के बाद दीमापुर रेलवे स्टेशन को ये सम्मान दिया गया है। इसमें खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छ भोजन निर्माण, सुरक्षित भंडारण, उचित अपशिष्ट प्रबंधन और यात्रियों के लिए पौष्टिक भोजन विकल्पों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।
एक अन्य उपलब्धि में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अलीपुरद्वार डिवीजन के चार स्टेशनों को भी निर्धारित खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों को पूरा करने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण से “ईट राइट स्टेशन” प्रमाणन प्राप्त हुआ है। इनमें अलीपुरद्वार रेलवे स्टेशन, कोकराझार रेलवे स्टेशन, गोलकगंज रेलवे स्टेशन और न्यू माल जंक्शन रेलवे स्टेशन शामिल हैं।
यह प्रमाणन स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के उच्च मानकों को बनाए रखने में रेलवे अधिकारियों, स्वास्थ्य निरीक्षकों, खानपान इकाइयों, अधिकृत विक्रेताओं और स्टेशन प्रबंधन टीमों के समन्वित प्रयासों को दर्शाता है।