प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा वे कल केरलम के एर्नाकुलम और तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उत्सुक हैं। श्री मोदी ने बताया कि केरलम में वे मछुआरों के कल्याण के लिए काम करने वाली संस्था अखिल केरल धीवर सभा के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने संस्था के कार्यों को सराहनीय बताया। श्री मोदी राज्य में एक अन्य कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं ऊर्जा, राजमार्ग, ग्रामीण अवसंरचना, रेलवे और अन्य क्षेत्रों से संबंधित हैं। दोपहर बाद श्री मोदी एर्नाकुलम जिले में एनडीए की रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए का सुशासन एजेंडा केरलम में वामपंथी सरकार और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ के लूट और कुशासन के बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने कहा कि एनडीए विकासोन्मुखी राजनीति पर ध्यान केंद्रित करेगा और राज्य के युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करेगा।
एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में, प्रधानमंत्री ने कहा कि वे तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस, सड़कों और रेलवे से संबंधित विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने बताया कि प्रमुख परियोजनाओं में नीलगिरी और इरोड जिलों में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सिटी गैस वितरण नेटवर्क की आधारशिला और 89 ग्रामीण सड़क परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने आगे कहा कि वे आज शाम तिरुचिरापल्ली में एनडीए की रैली में राज्य के एनडीए नेताओं के साथ शामिल होंगे। श्री मोदी ने कहा कि तमिलनाडु भर में एनडीए की बढ़ती लोकप्रियता से राज्य की डीएमके सरकार घबरा गई है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता डीएमके सरकार के कुशासन और अधूरे वादों को समझ चुकी है और एनडीए के आशा और प्रगति के एजेंडे से जुड़ रही है।
News On AIR | मार्च 10, 2026 7:34 अपराह्न | development projects in Keralam and Tamil Nadu
प्रधानमंत्री मोदी कल केरलम और तमिलनाडु में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे