केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस वर्ष के बजट में रेलवे के लिए 2 लाख 93 हजार करोड़ रुपये का पूंजीगत आवंटन किया है। इसमें कुल 2 लाख 78 हजार करोड़ रुपये के व्यय की स्वीकृति दी गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये विवरण साझा किए।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि गोवा में रेलवे परियोजनाओं के लिए पांच सौ 15 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश में संपर्क बढ़ाने के लिए सरकार सात नए हाई-स्पीड रेलवे कॉरिडोर विकसित करने की योजना बना रही है। इसका उद्देश्य रेल नेटवर्क को सात हजार किलोमीटर तक विस्तारित करना है।
श्री वैष्णव ने कहा कि महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक और केरल से गुजरने वाली कोंकण रेलवे एक महत्वपूर्ण कॉरिडोर बनी हुई है, जिसके कई उन्नयन प्रस्तावों पर वर्तमान में विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों को अंतिम रूप दिए जाने के बाद कोंकण रेलवे के नवीनीकरण के लिए कुल अनुमानित व्यय जारी किया जाएगा।