भारत के महापंजीयक और जनगणना आयुक्त ने आज नई दिल्ली में जनगणना जागरूकता के लिए छह एलईडी मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल राष्ट्रीय राजधानी में चल रहे जनगणना 2027 के पहले चरण के लिए चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान का एक हिस्सा है। गृह मंत्रालय ने बताया कि जनगणना जागरूकता वैन दिल्ली भर में यात्रा करेंगी और जनगणना में भागीदारी, स्व-गणना सुविधा, जनगणना 2027 की प्रमुख विशेषताओं और क्षेत्र भ्रमण के दौरान गणनाकर्ताओं के साथ जनता के सहयोग के महत्व के बारे में संदेश देंगी। मंत्रालय ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य व्यापक सूचना प्रसार सुनिश्चित करना, जन जागरूकता बढ़ाना और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में जनगणना कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना है।
जनगणना 2027 में पहली बार शुरू की गई स्व-गणना सुविधा को जनता से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। अब तक 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग 92 लाख परिवारों ने आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से सफलतापूर्वक स्व-गणना पूरी कर ली है।