मार्च 18, 2026 6:57 अपराह्न

printer

दिल्ली: आगामी बजट 2026 को बेहतर बनाने के लिए ‘संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन

दिल्ली सरकार के आगामी बजट 2026 को लोगों के लिए बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली सचिवालय में एक ‘संवाद कार्यक्रम’ रखा। इस कार्यक्रम में कामकाजी महिलाएं, शिक्षक, खिलाड़ी और छात्र शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती गुप्‍ता ने सभी वर्गों के लोगों के सुझाव लिये और यह आश्‍वासन दिया कि इन सुझावों को बजट में शामिल किया जाएगा।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षा व्‍यवस्‍था को मजबूत बनाने और भविष्‍य के बेहतर अवसरों के लिए कई महत्‍वपूर्ण सुझाव दिए। उन्‍होंने कहा कि मिड-डे मील योजना को कक्षा बारह तक बढाया जाए। जिससे छात्रों को लगातार पोषण मिलता रहे।

साथ ही, छात्रों ने स्‍कूलों में नियमित खेल प्रशिक्षण शुरू करने और खेल से जुडी सुविधाएं बेहतर बनाने की भी बात कही। इसके अलावा कामकाजी महिलाओं ने सुझाव दिया की स्‍कूलों में क्रच की सुविधाएं शुरू की जाए।

शिक्षकों ने अपने कौशल को बेहतर करने के लिए एआई आधारित प्रशिक्षण शुरू करने और शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने की मांग की। इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री ने कहा कि यह बजट सिर्फ पैसों का हिसाब नहीं होगा बल्कि राजधानी के लोगों की जिंदगी बेहतर बनाने का पूरा प्‍लान होगा।