अप्रैल 1, 2026 7:40 अपराह्न

printer

दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन कवच 13.0 में नशा तस्करी और संगठित अपराध पर बड़ा प्रहार

दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन कवच 13.0 के अंतर्गत 48 घंटे का विशेष अभियान चलाकर नशा तस्करी और संगठित अपराध पर बड़ा प्रहार किया है। पुलिस के अनुसार इस दौरान दिल्ली में 3 हज़ार 211 स्थानों पर छापेमारी की गई और कुल एक हज़ार 42 टीमें तैनात रहीं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 229 स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के मामलों में 267 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से 101 किलोग्राम से अधिक मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ है। इसके अलावा, आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 4 सौ 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर 77 हजार से अधिक क्वार्टर अवैध शराब जब्त की गई। वहीं, आर्म्स एक्ट के तहत 259 आरोपियों को गिरफ्तार किया और इसके अलावा, जुआ अधिनियम मामलों में 10 लाख रुपये से अधिक नकदी के साथ 528 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, 72 विदेशी नागरिकों की जांच की गई, जिसमें से एक के विरुद्ध निष्कासन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस अभियान के दौरान पांच हज़ार से अधिक निवारक कार्रवाई की गई और 41 हजार से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। ऑपरेशन कवच का उद्देश्य युवाओं और बच्चों को नशीले पदार्थों के खतरे से बचाना और शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।